बांदा के महोखर और जमालपुर बनेंगे नए ‘इंडस्ट्रियल हब’, योगी सरकार ने कसी कमर*

Blog

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

 

*बांदा: * मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में बुंदेलखंड अब अपनी पुरानी पहचान बदलकर ‘विकास के इंजन’ के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में बांदा जनपद के सदर तहसील क्षेत्र के महोखर और जमालपुर गांवों की किस्मत चमकने वाली है। योगी सरकार ने इन क्षेत्रों को बुंदेलखंड औद्योगिक कॉरिडोर के केंद्र बिंदु के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित इन गांवों में लगभग 576 हेक्टेयर भूमि पर भव्य औद्योगिक पार्क और कॉरिडोर बनाने की तैयारी है। यूपीडा के माध्यम से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 तक इस कॉरिडोर की आधारभूत संरचना को धरातल पर उतार दिया जाए।

*स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का उपहार*

इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से बांदा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को अपने ही घर में रोजगार के अवसर मिलेंगे। अब उन्हें काम की तलाश में महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। सरकार यहां लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और डिफेंस कॉरिडोर से जुड़ी इकाइयां स्थापित करने के लिए बड़े निवेशकों को आमंत्रित कर रही है।

*किसानों को मिला सम्मान और उचित मुआवजा*

योगी सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति के तहत महोखर गांव के 125 और जमालपुर के 270 किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। 576 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है और ग्रामीणों को बाजार दर के अनुरूप उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार ने 138 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है जिसके सापेक्ष 100 करोड रुपए जारी किए जा चुके हैं। वहीं अधिग्रहित की जाने वाली 576 हेक्टेयर भूमि में शेष 21.2275 हेक्टेयर भूमि की अधिग्रहण की कार्रवाई प्रचलन में है।

*बांदा बनेगा प्रदेश का नया मॉडल सिटी*

बुंदेलखंड औद्योगिक कॉरिडोर के विकसित होते ही बांदा जिला प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों की सूची में शामिल हो जाएगा। बेहतर सड़कों, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ महोखर और जमालपुर इलाके आने वाले समय में ‘मिनी नोएडा’ के रूप में पहचाने जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *