विजय द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार
सनत कुमार बुधौलिया
उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित नौ दिवसीय विकास मेले एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ आज जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी व सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री नके प्रतिनिधि अरविंद चौहान, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी ने द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में मेले का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के विगत 09 वर्षों तथा केन्द्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। यह मेला 18 मार्च से 26 मार्च 2026 तक कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न थीम आधारित कार्यक्रमों जैसे युवा, महिला, किसान एवं श्रमिक कल्याण पर विचार गोष्ठियां एवं संवाद सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। किसान सम्मेलन में पशुपालन एवं गौ-सेवा के आर्थिक मॉडल, नस्ल सुधार एवं कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। वहीं, जनपद की सांस्कृतिक विरासत, पौराणिक महत्व एवं गौरवशाली परंपराओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, स्टार्ट-अप एवं मुद्रा योजना आदि के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया जाएगा। साथ ही, ऋण मेला एवं रोजगार मेला आयोजित कर युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विशेष आकर्षण के रूप में एक जनपद एक उत्पाद/व्यंजन के अंतर्गत फूड कोर्ट में पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं, जो आगंतुकों को स्थानीय स्वाद से रूबरू कराएंगे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विगत 09 वर्षों में जनपद जालौन ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और यह प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। साथ ही, आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं, जिससे जनपद के समग्र एवं दीर्घकालिक विकास की रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। नौ दिवसीय इस मेले में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा तथा उनकी सफलता की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बकेके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी आदि अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
