शिव शर्मा की रिपोर्ट
साल्हेवारा–भाजीडोंगरी।
भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ एवं जुझारू कार्यकर्ता, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष तथा पूर्व सरपंच प्रतिनिधि बारेलाल बिसेन के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन का समाचार मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।
स्वर्गीय श्री बिसेन ने बहुत कम उम्र में ही सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई थी। वे ग्राम पंचायत भाजीडोंगरी में 3 से 4 बार सरपंच प्रतिनिधि के रूप में दायित्व निभा चुके थे। अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वे जन-जन में लोकप्रिय थे। ग्राम विकास और जनहित के कार्यों में उनकी विशेष रुचि रहती थी, जिसके कारण उन्होंने ग्रामीणों के बीच एक अलग पहचान बनाई।
पूर्व में प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें पीलिया (हेपेटाइटिस बी) की बीमारी हुई थी, जिसका उपचार उन्होंने गोंदिया सहित अन्य स्थानों पर कराकर स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त किया था। किंतु उनके आकस्मिक निधन से सभी स्तब्ध हैं।लगभग 2 वर्ष पूर्व उनके पिता बंशीलाल भी दुनिया छोड़ चुके है वे भी लोगो मे काफी लोकप्रिय थे।
बारेलाल का अंतिम संस्कार गृह ग्राम पंचायत भाजीडोंगरी में बुधवार को किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के उपस्थित रहने की संभावना है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
