रिपोर्ट – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन। जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जनपद जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार द्वारा पुलिस लाइन उरई में अपर जिलाधिकारी जालौन, समस्त उपजिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारी तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन आपराधिक वादों, विशेष रूप से गैंगस्टर एक्ट एवं महिला अपराधों से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गंभीर अपराधों में प्रभावी एवं सशक्त पैरवी सुनिश्चित करते हुए अपराधियों को समयबद्ध सजा दिलाई जाए।
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जनपद जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, साक्ष्यों की गुणवत्ता में सुधार तथा अभियोजन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक महत्वपूर्ण प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा न्यायालय में प्रस्तुतिकरण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में यह भी कहा गया कि महिला अपराधों एवं संगठित अपराध से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और अपराधियों में दंड का भय स्थापित हो।
