बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। भीषण गर्मी के बीच मोहल्ला रावतान में पिछले करीब 20 दिनों से खराब पड़े सरकारी पेयजल फ्रीजर को नगर पालिका प्रशासन ने समाचार प्रकाशित होने के मात्र 24 घंटे के भीतर ठीक कराकर आमजन को बड़ी राहत दी है। फ्रीजर के सही होते ही मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल सहित पालिका प्रशासन के कार्यों की सराहना की।
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के चलते नगर में पेयजल की समस्या को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर सरकारी फ्रीजर लगाए गए हैं, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल मिल सके। लेकिन मोहल्ला रावतान में लगा फ्रीजर लंबे समय से खराब पड़ा हुआ था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
शनिवार को यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल के निर्देश पर खराब फ्रीजर को ठीक करा दिया गया। अब मोहल्ले के लोगों को पुनः ठंडा पेयजल मिलने लगा है।
मोहल्लेवासियों ने कहा कि नगर पालिका द्वारा त्वरित कार्रवाई कर जनसमस्या का समाधान करना सराहनीय कदम है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
