समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश

Blog

 

अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट

जालौन : थाना आटा में आयोजित थाना/समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आए लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, राजस्व संबंधी समस्याओं तथा अन्य स्थानीय शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में मौके पर जाकर जांच की आवश्यकता है, उनमें तत्काल टीम भेजकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि सभी मामलों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जिससे फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *