किडजी–VNMPS में वार्षिक खेल उत्सव ‘स्पोर्टिका-2026’ धूमधाम से सम्पन्न*

Blog

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा।  नरैनी रोड स्थित किडजी–VNMPS स्कूल में वार्षिक खेल दिवस ‘स्पोर्टिका-2026’ उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आउटडोर गेम्स एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना रहा। आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन अरुण कुमार निगम तथा मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कौशल, प्रधानाचार्य रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज, द्वारा संयुक्त रूप से मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। प्ले ग्रुप, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने पीटी ड्रिल, योगा एवं आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कौशल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की परफॉर्मेंस से अधिक उनका जुनून और सहभागिता मायने रखती है। खेल बच्चों को अनुशासन और खेल भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रगति में माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

चेयरमैन अरुण कुमार निगम ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में मेहनत, धैर्य, सहयोग और संयम जैसे जीवनोपयोगी गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों में आत्मविश्वास की भावना प्रबल हुई है, जिसमें अभिभावकों और शिक्षकों दोनों का महत्वपूर्ण योगदान है।

खेल प्रतियोगिताओं में ऑक्टोपस रेस, बटरफ्लाई रेस, टर्टल रेस, हर्डल रेस, रिले रेस सहित कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन से अभिभावक भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर रजत सेठ, विधायक प्रतिनिधि बांदा, ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में किडजी हेड ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि अभिभावकों के विश्वास और सहयोग से किडजी–VNMPS में लगभग 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम का संचालन यूकेजी के विद्यार्थियों द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *