शिवकुमार शर्मा की रिपोर्ट……
*- शिवनाथ नदी महिला घाट की शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण*
राजनांदगांव 17 जून 2026। कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शिवनाथ वार्ड राजनांदगांव के नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी स्थित महिला घाट के समीप शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया। शिवनाथ वार्ड के नागरिकों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर अवगत कराया था कि शिवनाथ नदी के महिला घाट के पास स्थित शासकीय भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। नागरिकों ने सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की थी।
कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राजस्व एवं नगर निगम अधिकारियों को तत्काल मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देशानुसार अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया तथा भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री प्यारेलाल नाग मौके पर उपस्थित रहे और राजस्व अमले की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इस कार्रवाई से महिला घाट की सार्वजनिक उपयोगिता सुरक्षित हुई है तथा स्थानीय नागरिकों और महिलाओं के आवागमन एवं उपयोग में आने वाली भूमि को संरक्षित किया गया है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से समस्या के समाधान पर आभार व्यक्त किया।
क्रमांक 140 —————–
