विजय द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार
सनत कुमार बुधौलिया
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के उद्देश्य से सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि इस निर्धारित समयावधि में आम नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, संशोधन कराने, नाम विलोपन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं का समाधान सीधे बीएलओ से करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ की नियमित उपस्थिति से मतदाता सेवाओं में पारदर्शिता आएगी और आमजन को सुगमता मिलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि नोडल व सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सुपरवाइजर नियमित रूप से भ्रमण कर निर्धारित समय में बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। साथ ही उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीएलओ के बैठने हेतु मतदेय स्थलों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएलओ की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराया जा सके।
