शिव शर्मा के साथ रामेश्वर यादव की रिपोर्ट
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सीईओ जनपद को ग्राम-वार मरम्मत योग्य हैंडपंपों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी पेयजल की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कार्ययोजना तैयार करने तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत वर्क ऑर्डर, रिटेंडर एवं बंद पड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सोलर यूनिट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि सभी सोलर यूनिट चालू अवस्था में रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सभी यूनिटों की जानकारी सीईओ जनपद को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने शेष किसानों का फार्मर आईडी में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी शिक्षकों का प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने तथा उल्लास कार्यक्रम अंतर्गत संचालित केंद्रों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। नगरीय प्रशासन की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत लक्ष्य, स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की जानकारी ली तथा स्वनिधी योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की भर्ती, पूरक पोषण आहार वितरण एवं स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों की पूर्णता की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए आगामी वजन त्यौहार की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जन-शिकायतों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल शक्ति अभियान अंतर्गत जन-संचयन एवं जन-भागीदारी के तहत स्वीकृत कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपना मासिक दौरा कार्यक्रम तैयार कर क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
*- ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित*
समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, एससीपीडीसीएल, स्वास्थ्य विभाग, मानपुर एसडीएम कार्यालय एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
