*
ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
0-जिला प्रशासन के निर्देश पर एबीएसए ज्ञान प्रकाश अवस्थी का निजी विद्यालयों को अल्टीमेटम, ड्रेस और किताबों में मनमानी पर भी होगी कार्रवाई
जालौन। निजी विद्यालयों द्वारा किताबों और स्कूल ड्रेस की बिक्री में मनमानी पर रोक लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) जालौन ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने क्षेत्र के सभी निजी विद्यालय संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी विद्यालय की निर्धारित पुस्तकें केवल एक ही दुकान या बुक सेंटर पर उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एबीएसए ने कहा कि विद्यालयों की पुस्तकें नगर के विभिन्न बुक सेंटरों पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अभिभावकों को किसी एक दुकान से ही किताबें खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी विद्यालय द्वारा किताबों की बिक्री एक ही दुकान तक सीमित पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित विद्यालय की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अभिभावक से स्कूल ड्रेस या किताबें किसी विशेष दुकान से खरीदने का दबाव बनाया जाता है, मनमानी वसूली की जाती है या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत एबीएसए कार्यालय जालौन में प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एबीएसए ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने सभी निजी विद्यालय प्रबंधकों से शासन और जिला प्रशासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित सर्वोपरि हैं। शिक्षा विभाग किसी भी प्रकार की मनमानी या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं करेगा।
