अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*अतर्रा।* तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज मदर्स डे बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती राजाबाई कुशवाहा जी उपस्थित रहीं। साथ ही विद्यालय की डायरेक्टर मैम श्रीमती किरन कुशवाहा जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव जी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बच्चों के माता-पिता एवं शिक्षकगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मदर्स डे समारोह में अभिभावकों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें फन ब्लास्ट, डांस, सिंगिंग, रैंप वॉक, तंबोला एवं क्विज जैसी विभिन्न कैटेगरी शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण आनंदमय बना रहा।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य एवं मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर सभी को भावविभोर कर दिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय और आत्मीयता देखने को मिली। अंत में विद्यालय की ओर से सभी बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था की गई, जहां सभी ने एक साथ जलपान ग्रहण कर कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर मैम श्रीमती किरन कुशवाहा जी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव जी ने सभी अभिभावकों एवं शिक्षकगण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार भविष्य में भी इसी प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
