बुंदेलखंड कबड्डी लीग 2026 का धमाकेदार आग़ाज़, रोमांच से गूंज उठा मैदान*

Blog

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा।
बुंदेलखंड कबड्डी लीग 2026 (सीज़न–2) की शुरुआत पहले ही दिन ज़बरदस्त जोश और धमाकेदार मुकाबलों के साथ हुई। लीग का पहला मैच बांदा दबंग बनाम आल्हा योध्दा के बीच खेला गया, जिसमें बाँदा दबंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25–21 से जीत दर्ज कर लीग का आग़ाज़ जीत के साथ किया।
दिन भर चले मुकाबलों में कबड्डी प्रेमियों को एक से बढ़कर एक रोमांचक मैच देखने को मिले।
छत्रसाल बुंदेला ने बेहद करीबी मुकाबले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस को 30–29 से पराजित किया।
पन्ना डायमंड्स ने ऊदल लायंस को 29–27 से हराया।
मलखान राइडर्स ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए महाराजा खेत सिंह को 34–20 से शिकस्त दी।
इसके बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस ने आल्हा योध्दा को 34–20 से मात दी।
बांदा दबंग ने अपने दूसरे मुकाबले में छत्रसाल बुंदेला को 24–17 से हराया, जबकि
मलखान राइडर्स ने ऊदल लायंस को 34–16 से पराजित कर अपनी ताक़त का परिचय दिया।
मैदान पर रेड, सुपर टैकल और आख़िरी पलों तक चले मुकाबलों ने दर्शकों को सीट से बांधे रखा। हर मैच के साथ रोमांच बढ़ता गया और दर्शकों की तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री विश्वंभर यादव (माननीय विधायक, बबेरू) उपस्थित रहे। उनके साथ मुमताज़ अली, ओम नारायण त्रिपाठी विदित,रामेंद्र शर्मा, शारदा निषाद ( अपर जिला सूचना अधिकारी), संध्या कुशवाहा (डायरेक्टर, भागवत प्रसाद) शब्बीर खान (जुगनू), शाहिद खान (अन्ना), आरिफ भाई प्रवीण पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने मुकाबलों का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला कबड्डी संघ, बाँदा के अध्यक्ष श्री अंकित कुशवाहा, सचिव श्री कमल यादव एवं कोषाध्यक्ष श्री सुनील सक्सेना की उपस्थिति में आयोजन और भी गरिमामय बन गया।
अध्यक्ष का वक्तव्य
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री अंकित कुशवाहा ने कहा—
“बुंदेलखंड कबड्डी लीग केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के युवाओं के सपनों का मंच है। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने जिस जुनून और खेल भावना का प्रदर्शन किया है, वह यह साबित करता है कि हमारा क्षेत्र कबड्डी में नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तैयार है।”
पहले दिन के मुकाबलों ने यह साफ कर दिया कि बुंदेलखंड कबड्डी लीग 2026 आने वाले दिनों में और भी रोमांचक होने वाली है। दर्शकों में उत्साह चरम पर है और हर कोई अगले मुकाबलों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है।

मैचों के दौरान कमेंटेटर अबरार फ़ारूक़ी एवं महेश साहिल ने अपनी सटीक जानकारी, जोशीली प्रस्तुति और बेहतरीन शब्दों के चयन से मुकाबलों को और भी रोमांचक बना दिया। उनकी प्रभावशाली कमेंट्री ने दर्शकों को हर रेड और टैकल से जोड़े रखा, जिससे स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर उठा। कबड्डी की बारीकियों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत करने के लिए दोनों कमेंटेटर्स की खूब सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *