ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। तहसील प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नवाचारी पहल शुरू की गई है। एसडीएम जवांइट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने तहसील क्षेत्र के दोनों ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के लिए अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनवाए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण सीधे अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। अब प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेगा।
उन्होंने बताया कि इन व्हाट्सएप ग्रुपों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी जोड़ा जा रहा है। ग्रामीण सोशल मीडिया पर साझा की गई लिंक अथवा अपने गांव के लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव आदि के माध्यम से ग्रुप में जुड़ सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को कोई समस्या है तो वह साक्ष्य सहित अपनी शिकायत ग्रुप में साझा कर सकता है, जिस पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा।
एसडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायत मिलने पर उसका तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी भी ग्रुप में साझा की जाए।
इसके अलावा शिक्षा विभाग के शिक्षक विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रम, गतिविधियों और शिक्षण योजना की जानकारी भी ग्रुप में साझा करेंगे, ताकि अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों से अवगत रह सकें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को गांव और लोगों के दरवाजे तक पहुंचाना है, साथ ही ग्रामीणों में “अपना गांव, अपनी जिम्मेदारी” की भावना विकसित करना भी है।
