पुरानी रंजिश में युवक की हत्या दो अभियुक्त गिरफ्तार

Blog

 

 

 

सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट। ।बांदा । थाना नरैनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमवारा में दिनांक 17 जनवरी 2026 को बरामद हुए अज्ञात शव की घटना का नरैनी पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए हत्या में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते चापड़ से युवक की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। घटना में प्रयुक्त चापड़ सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना नरैनी पुलिस द्वारा इस घटना का सफल खुलासा किया गया। गौरतलब है कि 17 जनवरी 2026 को ग्राम जमवारा में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान मृतक द्वारा पहनी गई पैंट के लोगो के आधार पर छानबीन की गई, जिससे शव की पहचान तौहीद हसन पुत्र मकसूद हसन, निवासी मोहल्ला कटरा, जनपद पन्ना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।
मृतक के चाचा महमूद हसन की तहरीर पर थाना नरैनी में अभियोग पंजीकृत कर घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना में सामने आया कि अभियुक्तों ने पुरानी रंजिश के चलते चापड़ से युवक की हत्या कर शव को फेंक दिया था। पुलिस ने आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को हत्या की घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों को पन्ना (मध्यप्रदेश) बॉर्डर, करतल से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक चापड़, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना के समय अभियुक्त राशिद द्वारा पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद की गई है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *