मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक करें आवेदन*

*-   शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला ।  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निम्न आय वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, एनआईटी एवं आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

योजना के पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, मोहला में रजिस्टर्ड डाक से अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं। आवेदन का प्रारूप संबंधित कार्यालय या विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग की राज्य की अधिसूचित सूची में शामिल होना आवश्यक है। विद्यार्थी का संबंधित संस्थान में चयन होना चाहिए और उसके पास चयन प्रमाण पत्र एवं प्रवेश के लिए संस्था द्वारा जारी सूचना पत्र होना चाहिए। इसके साथ ही पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ ले सकते हैं। आवेदन केवल निर्धारित प्रारूप में ही स्वीकार किए जाएंगे।

 

*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *