राघवेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट
रामपुरा/माधौगढ़। कड़ाके की ठंड को देखते हुए माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकासखंड रामपुरा की ग्राम पंचायत टीहर, धर्मपुरा जागीर एवं ग्राम पंचायत झरेला में संपन्न हुआ, जहां तीन सौ से अधिक गरीब, असहाय, वृद्धजनों एवं महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने कहा कि गरीब, कमजोर और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही डबल इंजन की सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है तथा राम राज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधायक ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए संजीवनी का कार्य करते हैं और जनप्रतिनिधियों का यह सामाजिक दायित्व है कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें।
विधायक निरंजन ने रामपुरा क्षेत्र में कराए गए सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास की गति और तेज की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहेंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि महेश सिंह राजावत, रामपुरा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापत, उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के सदस्य नरेंद्र प्रजापत, जिला मंत्री ज्योतिष सिंह कुरोंती, नायब तहसीलदार भुवेंद्र सिंह एवं वैभव गुप्ता, ग्राम प्रधान टीहर प्रदीप गौरव, ग्राम प्रधान धर्मपुरा जागीर अवनीश कुमार, ग्राम प्रधान झरेला भगवान दास प्रजापत सहित अजय पुरवार, शिवकुमार सिंह गौर, रविंद्र दीक्षित, जितेंद्र त्रिपाठी, मनोज तिवारी, सुनीत चतुर्वेदी, नंदन सिंह सेंगर, अक्षय दुबे, शिवकुमार याज्ञिक, ब्रह्म प्रकाश कढ़ोरे, जिला कार्यकारिणी महिला मोर्चा की सदस्य श्रीमती मधु भदौरिया, महिला मोर्चा संयोजक निर्मला देवी, जॉनी गुप्ता, राजेंद्र सोनी बॉबी, रमाकांत सोनी, जगबीर सिंह सेंगर, हृदेश सिंह लोधीपुरा, बंटी चंसौलिया सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कंबल प्राप्त करने वाले गरीब, महिलाएं एवं वृद्धजनों ने विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीत ऋतु में यह सहायता उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
