सुनील सक्सेना की रिपोर्ट
_इंद्रधनुष 2025 वार्षिक उत्सव की सभी ने की सराहना_
तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अतर्रा में वार्षिक उत्सव ‘इंद्रधनुष-2025’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी श्री सुलखान सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व डीजी श्री बी. के. मौर्या उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री शिवशरन कुशवाहा जी, पूर्व बैंक मैनेजर श्री रामलखन कुशवाहा जी,डायरेक्टर किरन मैम एवं प्रिंसिपल मैम श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव जी , श्री अंकित कुशवाहा जी सहित विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। और पूर्व विद्यार्थियों को भी अतिथि के रुप में आमंत्रित किया गया था जो वर्तमान में लखनऊ एसडीएम श्री देवेंद्र यादव, और इंजीनियर, डॉक्टर, तहसीलदार, बैंक मैनेजर आदि पदों पर हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं जागृति: बुद्ध स्तुति नृत्य के साथ हुआ। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री सुलखान सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को सशक्त बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है।
विशिष्ट अतिथि श्री बी.के. मौर्या ने विद्यालय द्वारा शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के चेयरमैन अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाना है।
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, नाटक एवं समूह-प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेशों, भारतीय संस्कृति तथा एकता का भाव प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। इस दौरान छात्र- छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंद्रधनुष थीम पर आधारित प्रस्तुति रही, जिसमें विविध रंगों के माध्यम से अलग-अलग प्रदेशों की संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुति, संस्कार और सृजनशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। संचालन कर रहे विद्यालय के कक्षा 12 वीं के छात्र अक्षत अग्निहोत्री तथा छात्रा अनुष्का पांडेय ने कार्यक्रम में अपनी रोचक वाणी से उत्साहित करते रहे।
अंत में अलग अलग कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों का एक साथ सामूहिक नृत्य ‘हम हैं राही प्यार के’ गीत हुआ। जो आकर्षक का केंद्र रहा।‘इंद्रधनुष’ वार्षिकोत्सव ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य और विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा का सुंदर परिचय प्रस्तुत किया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक,अभिभावक और अतिथि उपस्थित रहे।
