शिव शर्मा के साथ रामेश्वर यादव की रिपोर्ट
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को आमजन तक पहुँचाने एवं अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत राजनांदगांव द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत राजनांदगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री मनीष साहू के निर्देशन में जनपद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में सूर्य सभा का आयोजन किया गया।
सूर्य सभाओं का आयोजन ग्राम पंचायत भेड़ीकला, टेडेसरा, सोमनी, तिलई, पदुमतरा, धर्मापुर, महरूमखुर्द, जोरातराई, सुकुलदैहान एवं भर्रेगांव में किया गया। इन सभाओं के दौरान ग्रामीणों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया, केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी, पंजीयन की विधि एवं वेंडर चयन से संबंधित जानकारी शामिल रही।
आयोजित सूर्य सभाओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 44 हितग्राहियों ने योजना अंतर्गत पंजीयन कराया, जिनमें से 23 हितग्राहियों द्वारा वेंडर का चयन भी किया गया। ग्राम पंचायत भेड़ीकला में विशेष रूप से अच्छी भागीदारी देखने को मिली, जहाँ 10 ग्रामीणों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 8 हितग्राहियों ने वेंडर का चयन किया।
सूर्य सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर वे हर माह बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत कर सकते हैं, साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन की स्थिति में आय का अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
जनपद पंचायत प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़ें और स्वच्छ, सस्ती एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में योगदान दें। भविष्य में भी जनपद पंचायत राजनांदगांव द्वारा इस प्रकार की सूर्य सभाओं का आयोजन कर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य जारी रखा जाएगा।
