प्रभारी प्राचार्य को हटाने के प्रयास का ग्रामवासियों ने किया विरोध**

Blog

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव| शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलरगोंदी के प्रभारी प्राचार्य सुन्दर लाल चतुर्वेदी के विरुद्ध लगाए जा रहे कथित आरोपों को ग्रामवासियों ने निराधार, असत्य एवं दुर्भावनापूर्ण बताया है। इस संबंध में ग्रामवासियों, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, पंचायत प्रतिनिधियों, पालकगण एवं छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर तथा जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि श्री चतुर्वेदी वर्ष 2019 से विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत हैं। उनके कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन तथा प्रशासनिक व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब तक उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की विभागीय शिकायत या अनियमितता दर्ज नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ स्वार्थी प्रवृत्ति के लोग विद्यालय को प्राप्त शासकीय अनुदान से व्यक्तिगत लाभ न मिलने के कारण प्रभारी प्राचार्य पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उन्हें हटाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके निजी एवं पारिवारिक विषयों को अनावश्यक रूप से तूल देकर विद्यालय की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
पालकों एवं विद्यार्थियों ने कहा कि प्रभारी प्राचार्य का व्यवहार शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों के साथ सदैव सहयोगात्मक एवं मर्यादित रहा है। वे प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ अपने विषय का अध्यापन भी नियमित रूप से कर रहे हैं, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ हुआ है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निराधार शिकायतों पर ध्यान न देते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा विद्यालय एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान प्रभारी प्राचार्य को यथावत पदस्थ रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *