ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर की ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव-2026 के चौथे दिन जनक बाजार एवं पुष्प वाटिका की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। वहीं, हास्य कलाकार पंचम दीवाना ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया।
लीला के प्रथम दृश्य में भगवान राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र से आज्ञा लेकर पुष्प वाटिका की ओर जाते हैं, जहां वे चंद्रमा और माता सीता की सुंदरता एवं महिमा का वर्णन करते हैं। इसके बाद गुरुजनों की आज्ञा लेकर दोनों भाई जनक बाजार भ्रमण के लिए पहुंचते हैं। बाजार में विभिन्न दुकानों और व्यापारियों को देखने के दौरान प्रस्तुत किए गए मनोहारी दृश्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। दुकानदारों और व्यापारियों की ओर से सजाई गई दुकानों ने जनक बाजार की छटा को जीवंत कर दिया।
भगवान राम की भूमिका मनोज तिवारी उर्फ काजू महाराज, लक्ष्मण की भूमिका शिप्पू पाराशर, महर्षि विश्वामित्र की भूमिका सुरेंद्र पाराशर तथा सीता जी की भूमिका रामदूत तिवारी ने निभाई। वहीं, विष्णु अग्रवाल सहित अन्य व्यापारियों ने दुकानदारों की भूमिका में सहयोग किया। पं. प्रयाग नारायण दुबे गुरु ने दलाल की भूमिका निभाकर मंचन को रोचक बनाया। सभी कलाकारों के अभिनय और संवादों की दर्शकों ने सराहना की।
रामलीला का निर्देशन पं. प्रयाग नारायण दुबे ने किया, जबकि संचालन राजकुमार मिझौना ने किया। संगीत व्यास के रूप में केशव महाराज ने अपनी प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रामलीला की प्रथम आरती मनोज दुहोलिया मामा एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने की।
इस अवसर पर रामलीला अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, मंत्री पवन चतुर्वेदी सहित रामलीला एवं दशहरा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।