ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। शनि अमावस्या के अवसर पर नगर के उरगांव रोड स्थित शनि धाम गुढा मंदिर में शनिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर शनिदेव के दर्शन-पूजन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने शनिदेव को तेल, काली तिल्ली और पान का पत्ता आदि अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तों ने शनि चालीसा का पाठ भी किया। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
शनि अमावस्या के अवसर पर शाम को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।