ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐदलपुर में एक दुकानदार ने गांव के ही चार लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने, दुकान की गुल्लक से करीब 1650 रुपये निकालने तथा दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, आग लगने से दुकान में रखा सामान जल गया, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम ऐदलपुर निवासी ब्रजेश गुवरेले पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम गांव में ही चाय, समोसा और नमकीन आदि बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पीड़ित के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे गांव के निवासी नीरज पुत्र विजय, टल्लू पुत्र लालता, अरविंद पुत्र खल्लू और छोटू पुत्र शियालाल कथित तौर पर शराब के नशे में उसकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि सामान लेने के बाद उन्होंने रुपये नहीं दिए। जब ब्रजेश ने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि उसके अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने दुकान की गुल्लक में रखे करीब 1650 रुपये निकाल लिए और दुकान में आग लगा दी। इससे दुकान में रखा सामान जल गया और उसे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित ने थाना कोतवाली जालौन में शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।