*Sundays on Cycle’ में फिटनेस का उत्सव, 400 बच्चों ने साइकिल चलाकर दिया स्वस्थ और स्वच्छ बाँदा का संदेश*

 

सांसद कृष्णा पटेल और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने संयुक्त रूप से दिखाई हरी झंडी; खेल और बाँदा के विकास के लिए दिया एकजुटता का संदेश

 

 अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बाँदा, 04 अक्टूबर 2026। रविवार की सुबह बाँदा में फिटनेस, उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के नाम रही। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के Fit India Movement के अंतर्गत पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज ग्राउंड में आयोजित “Sundays on Cycle” कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग और जुंबा से शुरू हुआ कार्यक्रम फिटनेस गतिविधियों के बाद विशाल साइकिल रैली में बदल गया और शहर को “फिट रहो, साइकिल अपनाओ और पर्यावरण बचाओ” का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सांसद कृष्णा पटेल, पूर्व मंत्री श्रीशंकर सिंह पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एडीएम न्यायिक मायाशंकर, एडीएम नमामि गंगे एम.एम. वर्मा तथा सीओ सिटी सौरभ सिंह सहित प्रशासन, खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी की डायरेक्टर संध्या कुशवाहा, डिप्टी स्पोर्ट्स ऑफिसर कल्पना कमल, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, शिवकुमार गुप्ता, मिथिलेश कुमार पांडेय, रामस्वरूप साहू, जिला ओलम्पिक संघ से रामेन्द्र शर्मा एवं सुनील सक्सेना, व्यापारी मनोज जैन, संजय गुप्ता,क्रिकेट खिलाड़ी राजेन्द्र अवस्थी ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। SAI की ओर से गौरव सिंह, शशांक एवं उनकी टीम कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रही।

योग से हुई शुरुआत, जुंबा में बच्चों के साथ झूमे अतिथि

कार्यक्रम की शुरुआत श्री सजल कुमार रेंडर द्वारा कराए गए योग सत्र से हुई। विद्यार्थियों ने योग एवं स्ट्रेचिंग के माध्यम से शरीर और मन को स्वस्थ रखने का संदेश लिया। इसके बाद आयोजित जुंबा सत्र ने पूरे मैदान का माहौल उत्सव में बदल दिया। संगीत की धुन पर बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया तो उनका उत्साह देखकर अतिथि भी स्वयं को रोक नहीं सके और बच्चों के साथ जुंबा कर फिटनेस के इस उत्सव का हिस्सा बने।

इसके बाद पुश-अप्स, स्किपिंग, रस्साकशी सहित विभिन्न मनोरंजक फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इनमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य प्रतियोगिता से अधिक बच्चों को यह अनुभव कराना था कि फिटनेस कोई बोझ नहीं, बल्कि आनंद के साथ अपनाई जाने वाली जीवनशैली है।

आठ विद्यालयों के करीब 400 बच्चों की भागीदारी

SAI–Fit India के इस आयोजन में गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, इंटरनेशनल एमिटी स्कूल, एच.एल. इंटर कॉलेज, सेंट मैरीज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विद्यावती निगम स्कूल, भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज तथा आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ साथ कमल यादव जी की कबड्डी अकादमी से भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अलग-अलग विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों का एक मैदान पर फिटनेस और खेल के लिए एक साथ आना कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक रहा।

सांसद और विधायक ने साथ दिखाई हरी झंडी—‘बाँदा के विकास के लिए हम सब एक’

कार्यक्रम का सबसे उत्साहपूर्ण क्षण तब आया जब सांसद कृष्णा पटेल और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सैकड़ों विद्यार्थियों की साइकिल रैली को रवाना किया।

दोनों जनप्रतिनिधियों का एक साथ विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर रैली को रवाना करना अपने आप में एक सकारात्मक संदेश बन गया कि खेल, युवाओं के भविष्य और बाँदा के विकास की बात हो तो सभी एक मंच पर और एक उद्देश्य के साथ खड़े हैं।

हरी झंडी मिलते ही विद्यार्थियों का साइकिल कारवां पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज ग्राउंड से डीएम कॉलोनी रोड, अशोक लाट चौक, जेल तिराहा, जरेली कोठी और पुलिस लाइन रोड होते हुए पुनः पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज ग्राउंड पहुँचा।

रैली के माध्यम से शहरवासियों से अपील की गई कि छोटी-छोटी दूरियों के लिए मोटर वाहनों पर निर्भरता कम कर साइकिल को प्राथमिकता दें। इससे न केवल शरीर सक्रिय और स्वस्थ रहेगा, बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभा सकेगा।

“खेल जोड़ता है, और आज बाँदा ने यही संदेश दिया”

कार्यक्रम के स्थानीय समन्वयक अंकित कुशवाहा ने कहा, “आज करीब 400 बच्चों का एक साथ फिटनेस और पर्यावरण के लिए आगे आना इस आयोजन की वास्तविक सफलता है। सांसद और विधायक का संयुक्त रूप से बच्चों की रैली को रवाना करना भी एक सुंदर संदेश है कि खेल हमें जोड़ता है। जब बात हमारे बच्चों, खेल और बाँदा के विकास की हो, तो हमारी दिशा और लक्ष्य एक होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि साइकिल को केवल खेल या व्यायाम के रूप में नहीं, बल्कि स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के विकल्प के रूप में देखने की जरूरत है। यदि छोटी दूरी के लिए लोग साइकिल का प्रयोग शुरू करें तो यह व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ शहर के पर्यावरण के लिए भी सकारात्मक बदलाव होगा।

डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष संध्या कुशवाहा ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को सराहते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को साइकिलिंग और नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ बाँदा में एक मजबूत फिटनेस एवं साइकिलिंग संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन अर्चना भारती एवं महेश साहिल ने संयुक्त रूप से किया। मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना ने मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी संभाली, जबकि स्थानीय समन्वयक अंकित कुशवाहा के निर्देशन में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विद्यालयों के साथ समन्वय किया गया।

SAI के ‘Sundays on Cycle’ ने रविवार की सुबह बाँदा को एक स्पष्ट संदेश दिया—स्वस्थ शरीर के लिए फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण के लिए साइकिल और बाँदा के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *