* शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव 03 अक्टूबर 2026। स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव आज सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर राजनांदगांव में आयोजित मेरे सपनों का भारत के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर राजनांदगांव के ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय निर्माण तथा विद्यालय में 5 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की भी घोषणा की। इसके साथ ही पेण्ड्री, मोहारा और शंकरपुर सहित अन्य स्कूलों से संबंधित विकास कार्यों के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडो के चयनित विद्यार्थियों द्वारा ड्राइंग्स और पोस्टर की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में सभी विकासखंडों के चयनित विद्यार्थियों द्वारा अपनी सहभागिता भाषण के रूप में दी। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सपनों और उनकी कल्पनाओं में ही विकसित भारत की मजबूत नीव दिखाई देती है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मेरे सपनों का भारत के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्ष 2014 के भारत, वर्तमान भारत और वर्ष 2047 के विकसित भारत की कल्पना को चित्र, पेंटिंग और निबंध के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना की गई है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में इस संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में वोकल फॉर लोकल तथा मेक इन इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से देश में निर्माण और स्वावलंबन की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, कला, कौशल और उत्पादों के प्रति गौरव की भावना रखने का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और स्थानीय हस्तशिल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी समृद्ध परंपराओं और स्थानीय कौशल को आगे बढ़ाना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, नशामुक्ति तथा स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रोत्साहन और उचित मंच मिलने से उनके आत्मविश्वास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और पालकों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि छोटी-सी उपलब्धि भी बच्चों के भीतर आगे बढऩे और बेहतर करने की प्रेरणा पैदा करती है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव प्रतिभाओं की धरती है। हॉकी, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों में जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ साहस, संवेदना और राष्ट्रहित की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में साहस और मानवता का परिचय देने वाली प्रेरणादायी घटनाएं युवाओं को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करती हैं। सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि कोई भी कार्य केवल जिम्मेदारी पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि उसके पीछे बड़े उद्देश्य और सकारात्मक सोच के साथ किया जाए तो उसका प्रभाव व्यापक होता है। उन्होंने वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शिक्षा, कला, कौशल, परिश्रम और राष्ट्रीयता की भावना के साथ आगे बढ़कर विद्यार्थी देश को रक्षा, अर्थव्यवस्था, कृषि, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, श्री खूबचंद पारख, श्री कोमल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक श्री विनोद खाण्डेकर, श्री भरत वर्मा, श्री एमडी ठाकुर, श्री राजेन्द्र गोलछा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी उपस्थित थे।