लावारिस पशुओं की मौत के मामले में बघेरा में ग्रामीणों की बैठक, ग्रामीणों ने गांव स्तर पर समाधान का लिया निर्णय

  शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव । ग्राम पंचायत बघेरा में लावारिस पशुओं की मृत्यु को लेकर लगाए जा रहे आरोपों एवं दर्ज शिकायत के संबंध में 1 अक्टूबर को ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में आपसी एकता, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में सरपंच ऐश्वर्या देशमुख, ग्राम पटेल दुर्जन लाल देवांगन, ग्रामीण सचिव राजकुमार देवांगन, महिला एवं पुरुष पंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में शिकायतकर्ताओं राजेंद्र यदु, राजेंद्र देवांगन, गोपाल देवांगन, त्रिलोचन साहू एवं चुम्मन साहू द्वारा पशुओं की मृत्यु के संबंध में की गई शिकायत पर भी चर्चा हुई।
ग्रामीणों की ओर से शिकायतकर्ताओं से यह जानने का प्रयास किया गया कि मामले को ग्राम स्तर पर संज्ञान में लेकर चर्चा एवं समाधान का प्रयास करने के बजाय सीधे थाना में शिकायत क्यों की गई। इस पर शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्हें जो उचित लगा, उसके अनुसार उन्होंने शिकायत की है और आगे भी इसी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि लावारिस पशुओं की मृत्यु जैसे मामलों में वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर जांच होना आवश्यक है। इसी क्रम में गांव के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में सोमनी थाना में शिकायत प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग करने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि भविष्य में लावारिस पशुओं की मृत्यु अथवा इस प्रकार की किसी घटना से संबंधित शिकायत सामने आने पर पहले ग्राम स्तर पर मामले की जानकारी लेकर आपसी चर्चा के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित ग्राम पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक सूचना संबंधित थाना को दी जाएगी।
बैठक के अंत में ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता एवं शांति बनाए रखने तथा किसी भी विवाद को आपसी चर्चा और नियमानुसार प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाने पर सहमति व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *