मंदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)–मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए प्रतिष्ठित के.एफ. रूस्तमजी पुरस्कार की घोषणा की गई है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए मंदसौर जिले के वायडी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय का चयन किया गया है। निरीक्षक शिवांशु मालवीय को पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, गंभीर मामलों की प्रभावी जांच तथा अपराधों के अनुसंधान में उल्लेखनीय भूमिका के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया है। उनकी कार्यशैली में गंभीर मामलों की बारीकी से जांच, तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाकर मामलों को अंजाम तक पहुंचाने तथा आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहा है। के.एफ. रूस्तमजी पुरस्कार मध्यप्रदेश पुलिस के महत्वपूर्ण सम्मानों में शामिल है। इस पुरस्कार के लिए ऐसे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का चयन किया जाता है, जिन्होंने दस्यु उन्मूलन, नक्सल विरोधी अभियान, एटीएस, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सांप्रदायिक दंगों तथा कानून-व्यवस्था की गंभीर परिस्थितियों में साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ उल्लेखनीय कार्य किया हो। वर्ष 2024-25 के लिए मध्यप्रदेश के 31 पुलिस अधिकारियों को इस सम्मान से पुरस्कृत किया जाएगा। चयनित अधिकारियों को 50 हजार रुपये की नगद राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इष्ट मित्रो ने हर्ष व्यक्त कर बधाई दी ।
फोटो