उरई। जिलाधिकारी समीर की जनसुनवाई में दर्ज हुई एक बुजुर्ग की परेशानी अगले ही दिन समाधान में बदल गई। कुठौंद निवासी 75 वर्षीय प्रताप शुक्ला ने मंगलवार को जनसुनवाई में सुनने में परेशानी की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी थी। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक परीक्षण कराकर कान की मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार को ही प्रताप शुक्ला का परीक्षण कराया और उन्हें आवश्यकतानुसार कान की मशीन उपलब्ध करा दी।समयबद्ध कार्रवाई से राहत मिलने के बाद प्रताप शुक्ला ने स्वयं वीडियो बनाकर अपनी खुशी व्यक्त की और मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या को जनसुनवाई में गंभीरता से सुना गया और बिना किसी देरी के उसका समाधान कराया गया। उनके लिए यह सहायता केवल एक मशीन मिलने तक सीमित नहीं रही, बल्कि सुनने की क्षमता में सुधार के साथ रोजमर्रा के जीवन में नई सुविधा और आत्मविश्वास का माध्यम बनी।
प्रताप शुक्ला को उसी दिन मिली सहायता ने जनसुनवाई की उस भावना को भी रेखांकित किया, जिसमें किसी समस्या का समाधान केवल दर्ज करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को वास्तविक राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।