*योगी सरकार की महातैयारी, बुंदेली संस्कृति और आधुनिक विकास के संगम से सजेगा चित्रकूट*

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*चित्रकूट:।* भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के वनवास काल के साढ़े ग्यारह वर्षों का साक्षी रहा पावन चित्रकूट इस बार दीपावली पर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप चित्रकूट को अयोध्या और काशी की तर्ज पर वैश्विक पर्यटन एवं आस्था के बड़े केंद्र के रूप में सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार चित्रकूट में बुंदेली लोक संस्कृति और आधुनिकतम तकनीक का एक ऐसा अनोखा संगम देखने को मिलेगा जिसकी गूंज पूरे देश में होगी।

*अत्याधुनिक ड्रोन और लेकर शो के जरिए आकाश में सजीव होगी रामायण*

मेले का सबसे बड़ा और मुख्य आकर्षण इस बार रामायण थीम पर आधारित अत्याधुनिक ड्रोन और लेजर शो होगा. चित्रकूट के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस हवाई प्रदर्शन की जिम्मेदारी देश की प्रसिद्ध तकनीक कंपनी ‘बोटलैब’ को सौंपी गई है, जो इससे पहले अयोध्या के दीपोत्सव और वाराणसी में अपनी कला का लोहा मनवा चुकी है.

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की देखरेख में ड्रोन शो के लिए स्थान का चयन किया जा रहा है. इस शो के माध्यम से चित्रकूट के आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी के बीच प्रभु राम के वनगमन, चित्रकूट आगमन, महर्षि अत्रि और सती अनसूया से भेंट तथा भरत मिलाप जैसे पावन प्रसंगों को कलात्मक ढंग से उकेरा जाएगा. इसके साथ ही लेजर लाइट्स, वॉयस ओवर और सुमधुर भजनों की जुगलबंदी श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की अनुभूति कराएगी.

*7 एलईडी गेट, 10 सेल्फी प्वाइंट और 9 सांस्कृतिक मंचों से सजेगी धर्मनगरी*

योगी सरकार धर्मनगरी के सौंदर्यकरण में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इस बार पूरे मेला क्षेत्र और रास्तों को दुल्हन की तरह चमकाया जा रहा है जिसके तहत मुख्य मेला प्रवेश मार्गों पर 7 विशाल और आकर्षक एलईडी प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं जो दूर से ही अपनी भव्यता बिखेरेंगे। इसके अलावा चित्रकूटधाम के 6 प्रमुख चौराहों को विशेष लाइटिंग और थीम आधारित कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय बुंदेली संस्कृति, लोक कलाओं और प्रभु राम के भजनों को बढ़ावा देने के लिए मेला क्षेत्र में 9 छोटी स्टेज बनाई जाएंगी जहां क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा आज के युवाओं और पर्यटकों की पसंद को देखते हुए रामायण और भक्ति की थीम पर आधारित 10 विशेष सेल्फी प्वाइंट्स विकसित किए जा रहे हैं.

*UP-MP बॉर्डर पर अभेद्य सुरक्षा, 50 लाख भक्तों के लिए विशेष इंतजाम*

चूंकि चित्रकूट उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर फैला हुआ है। इसलिए दोनों राज्यों का प्रशासन संयुक्त रूप से सुरक्षा और व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहा है। इस बार मेले में रिकॉर्ड 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. जिसको लेकर पूरे मेला क्षेत्र, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग, और मंदाकिनी के घाटों पर भारी पुलिस बल, एटीएस और सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी।

नगरपालिका चित्रकूटधाम कर्वी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 बड़े पार्किंग स्थल और बिछड़े लोगों को मिलाने के लिए 6 खोया-याया केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल और घाटों की साफ-सफाई के लिए विशेष टास्क फोर्स तैनात की गई है।

*951 करोड़ रुपये की हाल ही में सीएम योगी ने दी थी सौगात*

हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट और मानिकपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का सौगात दिया था। जिससे यहां की सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं, पुल और पर्यटन बुनियादी ढांचा बेहद मजबूत हुआ है। इस बार मां मंदाकिनी के रामघाट, भरतघाट और राघव प्रयाग घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। संतों का मानना है कि योगी सरकार के प्रयासों से इस बार चित्रकूट की दीपावली न केवल ऐतिहासिक होगी बल्कि यह बुंदेलखंड के पर्यटन और आर्थिक विकास के बंद कपाट भी खोल देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *