सनत कुमार बुधौलिया
उरई ।
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा निर्गत आदेशों के अनुक्रम में बस-बाॅडी कोड एवं ऊँचाई मानकों के अनुपालन, अतिरिक्त सामान/कैरियर पर अत्यधिक लोड की जाँच तथा यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष प्रवर्तन अभियान “ऑपरेशन कवच-2.0’’ दिनांक 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान (24 घण्टे अनवरित) संचालित किया जा रहा है। जनपद में एक अधिकारी की कमी होने के कारण उक्त अभियान में अन्य सम्भाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगायी गयी है।
दिनांक 28 सितम्बर 2026 की रात्रि एवं 29 सितम्बर 2026 के पूर्वान्ह् तक राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जालौन द्वारा नियम विरुद्ध पायी गयीं 02 स्लीपर बसों व हेमचन्द्र गौतम, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), झाँसी द्वारा 02 स्लीपर बसों तथा आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी, जालौन द्वारा 01 स्लीपर बस के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की कार्यवाही करते हुए जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया तथा इसके अतिरिक्त काफी बड़ी संख्या में अन्य अभियोगों में भी बसों के चालान किये गये।
अभियान के दौरान यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया, जिन बसों के विरुद्ध निरुद्ध की कार्यवाही की गयी, उनके यात्रियों को गन्तव्य तक पहुँचाने हेतु उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, उरई (जालौन) की बसों की सहयोग से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गयी। बसों द्वारा की जानी वाली यात्रा को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु उक्त अभियान अग्रिम आदेशों तक निरन्तर जारी रहेगा।