शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला। जिले के जनपद पंचायत मोहला अंतर्गत ग्राम पंचायत विजयपुर के ग्राम तेंदूटोला निवासी श्रीमती सत्याभामा सलामे अपने परिवार के साथ लंबे समय से कच्चे एवं जर्जर मकान में निवास कर रही थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए स्वयं पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रीमती सत्याभामा सलामे के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण का लाभ मिला। वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत होने के पश्चात हितग्राही द्वारा पक्के आवास का निर्माण कराया गया। योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से आवास निर्माण के साथ परिवार को मनरेगा अंतर्गत 90 दिवस का रोजगार प्राप्त हुआ तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण की सुविधा भी मिली। इस प्रकार शासन की विभिन्न योजनाओं का समन्वित लाभ एक ही परिवार तक पहुंचाकर सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की अवधारणा को धरातल पर साकार किया गया।
आज श्रीमती सत्याभामा सलामे का परिवार पक्के, सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है। उनके जीवन में आया यह बदलाव इस बात का उदाहरण है कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जब शासन की योजनाएं पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचती हैं, तो सुशासन केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं रहता, बल्कि जनजीवन में दिखाई देने वाला परिवर्तन बन जाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण, मनरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन के अभिसरण से मिला श्रीमती सत्याभामा सलामे के परिवार के लिए सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वच्छता और खुशहाली का आधार बना है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया।
*क्रमांक-09/89 आर्य —*