अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। बुंदेलखंड की धरती ने एक बार फिर खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बांदा के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी मास्टर सक्षम ठाकुर ने गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन प्रतियोगिता में सक्षम ने एक के बाद एक लगातार चार मुकाबले जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही अब उन्होंने एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जिसका आयोजन नवंबर में कोरिया में प्रस्तावित है।
प्रदेश स्तर पर जीत के बाद राष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम
सक्षम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर भी शानदार प्रदर्शन के साथ तय किया। पिछले दिनों कानपुर में इंडियन ताइक्वांडो द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई थी। इसके बाद गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सक्षम ने चार मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार चार फाइट जीतना सक्षम की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, खेल के प्रति अनुशासन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं बल्कि बांदा के खेल जगत और उनके विद्यालय में भी खुशी का माहौल है।
कोरिया में अब एशियन चैंपियनशिप की चुनौती
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ सक्षम ने आगामी एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भी अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। नवंबर में कोरिया में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सक्षम अब भारतीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण जीतने के बाद उनकी अगली चुनौती अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगी।
प्रशिक्षकों ने कहा—सक्षम की मेहनत रंग लाई
सक्षम की शानदार सफलता पर बांदा के ताइक्वांडो प्रशिक्षक पुष्पेन्द्र विश्वकर्मा, ताइक्वांडो ट्रेनर चिरंजीवी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम बांदा की ताइक्वांडो कोच कल्पना कवल ने प्रसन्नता जताई। प्रशिक्षकों ने सक्षम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। लगातार अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के चलते सक्षम ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एशियन चैंपियनशिप में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
सेंट जार्ज स्कूल में भी जश्न जैसा माहौल
सक्षम ठाकुर सेंट जार्ज स्कूल के छात्र हैं। राष्ट्रीय स्तर पर अपने छात्र की इस बड़ी उपलब्धि से विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित है। स्कूल के प्रिंसिपल अल्फ्रेड रस्किन सहित सभी अध्यापकों ने सक्षम को उसकी शानदार जीत पर बधाई दी। विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्र की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
सक्षम की सफलता की खबर मिलते ही पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी बधाई दी। वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक (चित्रकूट दर्पण) राजकुमार पाठक, संपादक हरीमोहन धुरिया (रोहित), पत्रकार समाजसेवी सुनील सक्सेना,पत्रकार डीके शर्मा , आत्माराम त्रिपाठी, लक्ष्मी त्रिपाठी, आशीष मिश्रा, बृजबिहारी बाजपेई, नीरज बाजपेई, रामरूप सिंह एंड,सहित तमाम शुभचिंतकों ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भगत सिंह को बेटे की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए सक्षम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सक्षम की इस उपलब्धि ने बांदा के खेल जगत में नई उम्मीद जगाई है। राष्ट्रीय मंच पर गोल्ड मेडल और अब कोरिया में एशियन चैंपियनशिप का टिकट—सक्षम ठाकुर की मेहनत ने साबित कर दिया कि बुंदेलखंड की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अब जिलेवासियों की निगाहें नवंबर में होने वाली एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जहां सक्षम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का दम दिखाएंगे।