*गणेश विसर्जन के दौरान नदी किनारे नहीं जाने की दी समझाइश, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

 शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव । जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कलेक्टर ने आज जंगलेश्वर-धामनसरा एनीकट पहुंचकर जल स्तर एवं जल प्रवाह की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संभावित बाढ़ एवं जलभराव से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निचले एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं।
गणेश विसर्जन को देखते हुए नदी एवं एनीकट क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के लिए पहुंच रहे लोगों को नदी किनारे नहीं जाने तथा तेज बहाव वाले पानी के समीप खड़े न होने की समझाइश दी गई। प्रशासनिक अमले द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहकर निर्धारित एवं सुरक्षित विसर्जन स्थलों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिले में वर्तमान में 3 रेस्क्यू बोट उपलब्ध हैं। आवश्यकता को देखते हुए आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त रेस्क्यू बोट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा सके। एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित प्रभावित क्षेत्रों में कोटवार एवं सचिवों के माध्यम से गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। आपात स्थिति के लिए टॉर्च, रस्सी सहित आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है तथा प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राशन का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया गया है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे जल स्तर एवं मौसम की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि नदी, नालों, एनीकट एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला कंट्रोल रूम अथवा नजदीकी प्रशासनिक अमले को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *