अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, । भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, बांदा में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और मिशन शक्ति विषयों पर एक वृहद जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ शिक्षा विभाग से मंडलीय समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्रा, परिवहन विभाग के पी.टी.ओ. चंदन पांडे, जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक समिति के सदस्य सुनील सक्सेना तथा यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद एकेडमी के नामित चेयरमैन अंकित कुशवाहा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
अपने संबोधन में अपर पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित और लक्ष्य-उन्मुख भविष्य के लिए भी प्रेरित किया।
मंडलीय समन्वयक डॉ. पीयूष मिश्रा ने दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए श्रेष्ठ मददगार (गुड सेमेरिटन) बनने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से नोडल छात्र के रूप में समाज में सड़क सुरक्षा जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि कोई भी नाबालिग छात्र-छात्रा वाहन लेकर विद्यालय न आए तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
परिवहन विभाग के पी.टी.ओ. चंदन पांडे ने विद्यालय वाहनों की फिटनेस, पंजीकरण और विद्यार्थियों की सुरक्षा संबंधी शासकीय नियमों की जानकारी दी। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सुनील सक्सेना ने 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया। वहीं यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न नियमों और सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर अंकित कुशवाहा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में मिसाल स्थापित करेगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा विषय पर उत्कृष्ट पोस्टर बनाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा भी की।
लगभग 300 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता वाली इस कार्यशाला का सफल संचालन रिचा रैकवार ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प भी लिया।