अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, । पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बांदा में आज छात्रों के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक जनपद बांदा श्री शिवराज जी ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उनके भविष्य, लक्ष्य निर्धारण एवं लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम, मिशन शक्ति एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा मंडलीय मास्टर ट्रेनर/समन्वयक डॉ. पीयूष मिश्रा ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय परिवार से अपेक्षा की कि कोई भी नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन लेकर विद्यालय परिसर में प्रवेश न करे। साथ ही छात्रों से अपील की गई कि साइकिल चलाते समय छुट्टी के बाद झुंड बनाकर सड़क पर न चलें। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नोडल छात्र के रूप में जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
डॉ. पीयूष मिश्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक को बताया कि पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बांदा के अनेक पुरातन छात्र अपने शिक्षकों से प्राप्त उचित मार्गदर्शन, लगन एवं निष्ठा के बल पर न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने ऐसे पुरातन छात्रों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कराने हेतु भविष्य में एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बात कही।
यातायात प्रभारी बांदा श्री महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को निर्धारित एवं सीमित गति में वाहन चलाने तथा सड़क पर किसी भी प्रकार का स्टंट न करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई नाबालिग छात्र सड़क पर स्टंट करता हुआ पाया जाता है तो उसके अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपर पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। संवाद कार्यक्रम ने छात्रों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ यातायात नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बांदा की प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों से कार्यक्रम में दिए गए निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर स.अ. श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी, व्योमेश श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक महोदय के साथ विद्यालय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।