अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। नगर में आयोजित दो चरणों वाली ‘जी.डी. मेमोरियल स्कॉलरशिप’ परीक्षा के उपरांत भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 15 नवंबर तथा 22 नवंबर को दो चरणों में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रिमा शिवहरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप 5,100 रुपये नकद प्रदान किए गए। द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से विराट सिंह तोमर तथा सूर्यांश दुबे रहे, जिन्हें 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। वहीं, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अक्षत शुक्ला को 1,100 रुपये का नकद इनाम दिया गया। इसके अतिरिक्त, 100 से अधिक मेधावी बच्चों को प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) एवं सभी प्रतिभागियों को गोल्ड मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की भी घोषणा की गई। यह निःशुल्क कक्षाएं किड्जी (Kidzee) इंदिरा नगर में 3:00 बजे से तथा डी.एम. कॉलोनी (D.M. Colony) में शाम 6:00 बजे से संचालित की जाएंगी।
समारोह के अंत में कार्यक्रम संयोजक शालिनी गुप्ता तथा प्रबंधक सौरभ चन्द्र गुप्ता ने सभी सफल एवं प्रतिभागी बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।