प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल बनाने पर जोर*

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला । जिले के प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मोंगरा बैराज को प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की है। इस दिशा में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय समिति ने 18 नवंबर को वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार की अध्यक्षता में विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम मोंगरा स्थित बैराज का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री उज्वल पोरवाल, एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता, तहसीलदार अंबागढ़ चौकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मुख्यमंत्री सुशासन फेलो मौजूद रहे। अधिकारियों ने मोंगरा बैराज, बांध, आसपास के तालाबों, इको-पार्क और अमागढ़ की पहाड़ियों का जायजा लेकर पूरे क्षेत्र को एकीकृत पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

*- पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*

प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत मोंगरा बैराज क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर पर्यटकों के लिए बैठने, विश्राम और मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां वॉच टावर, पक्षी-दर्शन, नौकायन, नेचर ट्रेल, ट्रेकिंग, जंगल सफारी और कॉटेज जैसी पर्यटन सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही ‘टाइटैनिक’ थीम पर विशेष व्यू पॉइंट बनाया जाएगा, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। यहां लोग प्राकृतिक नजारों के बीच यादगार तस्वीरें ले सकेंगे।
क्षेत्र की चट्टानों पर जनजातीय चित्रकला के माध्यम से स्थानीय आदिवासी कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने की भी योजना है। पर्यटकों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

*- स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार और आजीविका का अवसर*

परियोजना में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। इसके तहत कैंटीन संचालन, स्थानीय उत्पादों के विक्रय केंद्र और नौकायन संचालन जैसी गतिविधियों में उन्हें अवसर दिए जाएंगे।
कैंटीन में स्थानीय और पारंपरिक जनजातीय व्यंजन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, जिससे पर्यटक क्षेत्र की खानपान संस्कृति से भी रूबरू हो सकेंगे। इस पहल से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ ग्रामीणों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

*- प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल बनाने पर जोर*

प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मोंगरा बैराज क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ प्राकृतिक वातावरण, वन संपदा और जैव विविधता को संरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
संयुक्त निरीक्षण के बाद समिति सभी संबंधित विभागों के समन्वय से परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी। तैयार प्रस्ताव जल्द ही कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन से मोंगरा बैराज जिले के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने के साथ स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक विरासत और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *