एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर विशेष जोर*

Blog

 

 अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा।। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेन्द्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा मुख्यमंत्री के “जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट” अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा एवं चर्चा की गई।

 

बैठक में District Highway Safety Task Force एवं Dedicated Highway Surveillance Team द्वारा गत बैठक से अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के चिन्हीकरण एवं सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, शराब पीकर वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने पर बल दिया। साथ ही सड़क किनारे स्थित ढाबों, होटलों, पेट्रोल पंपों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

बैठक में सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एम्बुलेंस, क्रेन एवं पुलिस रिस्पांस वाहनों की उपलब्धता, सीसीटीवी, एटीएमएस एवं ई-चालान प्रणाली के माध्यम से निगरानी एवं प्रवर्तन, हाईवे पेट्रोलिंग तथा संयुक्त प्रवर्तन अभियानों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट, अनधिकृत प्रवेश एवं निकास मार्गों को बंद कराने, आवश्यक साइनेज, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में निराश्रित एवं छुट्टा पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हिट एंड रन मामलों में राहत राशि वितरण, गुड सेमेरिटन एवं राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा वर्ष 2025-26 की सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए दुर्घटना न्यूनीकरण की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक थाना क्षेत्र में क्रेन, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन संपर्क विवरण अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ श्यामलाल, डीआईओएस, बीएसए, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सक्सेना, मंडलीय मास्टर ट्रेनर यातायात पीयूष मिश्रा, यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, पीडब्लूडीडी से सूर्य कुमार तिवारी सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *