जालौन तहसील समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 168 शिकायतों में सिर्फ 8 का हुआ मौके पर निस्तारण*

Blog

 

 ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील सभागार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 168 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मात्र 8 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के लिए भेजा गया।
बताते चलें कि जब से रिंकू सिंह राही ने जालौन तहसील में एसडीएम का कार्यभार संभाला है, तब से फरियादियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जनता दरबार हो या फिर संपूर्ण समाधान दिवस, क्षेत्र के ग्रामीण और नगरवासी बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। लोगों में यह विश्वास बना है कि उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्ता युक्त निस्तारण होगा।
हालांकि, समाधान दिवस में कई ऐसे फरियादी भी मिले, जो पूर्व में दो-दो बार अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है। ऐसे लोगों ने लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
समाधान दिवस के दौरान एक दिव्यांग फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद में सभा कक्ष के फर्श पर बैठा दिखाई दिया। वहीं बड़ी संख्या में आए फरियादियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण कई लोग जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
तहसील सभागार में दिनभर शिकायतकर्ताओं की भीड़ लगी रही और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनते रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों को देखते हुए समाधान दिवस पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।इस दौरान सीओ शैलेन्द्र बाजपेई,नायब तहसीलदार तारा शुक्ला, सतेन्द्र, नगर पालिका अधिषासी अधिकारी सुशील दोहरे,खंड विकास अधिकारी कुठौद सतीश वर्मा, डां राजीव दुवे, मंडी सचिव अंकित गुप्ता, सहित सभी विभागो के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *