ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। ग्राम छिरिया सलेमपुर में पेयजल की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने जल संस्थान झांसी डिवीजन के महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने तथा पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में बताया गया कि ग्राम छिरिया सलेमपुर में दो पानी की टंकियां बनी हैं, जिनसे छिरिया सलेमपुर एवं मलकपुरा गांव में पानी की आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां तैनात कर्मचारी रघुनाथ पाल द्वारा पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से नहीं की जा रही है। सुबह करीब एक घंटे और शाम को एक घंटे ही पानी छोड़े जाने के कारण कई परिवारों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पानी का प्रेशर कम रहने से समस्या और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान पानी की आवश्यकता अधिक है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायती पत्र में एक निजी कर्मी से कार्य कराए जाने और उसकी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
ग्राम प्रधान सोनम, बीडीसी गुड्डू समेत हरसहाय, रामसिया, रामऔतार, गगन सिंह, सियादुलारी, अर्जुन पाल, मंगल सिंह आदि ग्रामीणों ने महाप्रबंधक से सक्षम अधिकारी से मामले की जांच कराने, पानी की सप्लाई अधिक समय तक नियमित रूप से कराने तथा कर्मचारी रघुनाथ पाल को हटाकर दूसरे कर्मचारी की तैनाती किए जाने की मांग की है।