सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास खण्ड कोंच कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों पर स्थायी समाधान के लिए पक्की सड़क के साथ दोनों ओर नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन एवं जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनसुनवाई का निश्चित समय निर्धारित कर कार्यालय परिसर में प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित किया जाए, जिससे आमजन को अधिकारियों से मिलने एवं अपनी समस्याएं रखने में सुविधा हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए कार्यालय परिसर की दीवारों पर केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित कराई जाए, ताकि आने वाले नागरिक योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखें तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधकारी हेमन्त पटेल, खण्ड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।
