शिव शर्मा की रिपोर्ट
बीजापुर — खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के फूड इंस्पेक्टर दीपक देवांगन को लेकर विवाद बढ़ गया है। व्यापारी रामु गुप्ता के घर निरीक्षण के नाम पर पहुंचने, बिना अनुमति प्रवेश करने और घर में मौजूद महिलाओं के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप लगे हैं। व्यापारियों के विरोध के बाद कलेक्टर विश्वदीप ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एडीएम समेत दो सदस्यीय जांच टीम सात दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी पर्याप्त टीम के बिना और बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण के नाम पर व्यापारी के घर पहुंचे। इस दौरान घर में प्रवेश करने और महिलाओं के साथ कथित व्यवहार को लेकर विवाद हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली।व्यापारियों ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मामले को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है और विरोध स्वरूप आज बीजापुर बंद का आह्वान किया गया है। इधर, प्रशासन ने जांच के आदेश देकर पूरे घटनाक्रम की तथ्यात्मक पड़ताल शुरू कर दी है।
कलेक्टर विश्वदीप के निर्देश पर एडीएम समेत दो सदस्यीय टीम शिकायतकर्ताओं, संबंधित अधिकारी और अन्य पक्षों के बयान लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। टीम को सात दिन के भीतर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।