अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में संगठन की बांदा इकाई द्वारा सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की गई। जिलाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी सुनील सक्सेना के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने मंदिरों, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जरूरतमंदों एवं राहगीरों को फल, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक आदि का वितरण किया।

इस सेवा अभियान के दौरान एक सैकड़ा से अधिक जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री एवं शीतल पेय वितरित किए गए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों को सामग्री प्रदान कर सेवा का संदेश दिया। भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा पेय और खाद्य सामग्री मिलने से उनके चेहरे पर संतोष और खुशी दिखाई दी।
वितरण कार्यक्रम में महामंत्री राजेश निषाद, प्रभारी रहमान खान, शुभम द्विवेदी, सौरभ शर्मा, मोहम्मद अंजार अली राजा, मोहम्मद अजहर, पप्पू सोनकर, गोलू निगम, अमृत लाल गुप्ता सहित संगठन के अनेक सदस्य मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में सहभागिता की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी सुनील सक्सेना ने कहा, “विश्व फोटोग्राफी दिवस केवल तस्वीरें खींचने और यादों को संजोने का दिन नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का भी अवसर है। फोटोग्राफर समाज का वह हिस्सा है जो हर वर्ग और हर परिस्थिति को अपनी नजरों से देखता है। इसलिए हमारा प्रयास है कि कैमरे के पीछे खड़े रहने के साथ-साथ हम जरूरतमंदों के बीच खड़े होकर मानवता की सेवा भी करें।”
उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। संगठन का उद्देश्य केवल फोटोग्राफरों के हितों के लिए कार्य करना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद करना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी एसोसिएशन द्वारा इसी प्रकार के सेवा एवं सामाजिक कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के सदस्यों ने सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और समाज के अन्य लोगों से भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।