अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, । पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी यातायात श्री सौरभ सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, टीएसआई निहाल सिंह, ने अपनी पूरी टीम के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्कूली वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का निरीक्षण किया गया। जिन वाहनों में ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी), बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाई गई, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं परिचालकों को जागरूक करते हुए निर्देश दिए कि वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए, सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए तथा बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
यातायात पुलिस ने सभी स्कूली वाहन संचालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
