निज संवाददाता की रिपोर्ट
जालौन। भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन के तत्वावधान में देवनगर चौराहा स्थित शिव मंदिर के पास वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर परिचर्चा भी हुई, जिसमें वक्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
शाखा के संयुक्त सचिव अजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती अंजू श्रीवास्तव के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में अनार, अमरूद, चंदन, नींबू, पीपल सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार जनोपयोगी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में शाखा के सदस्यों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पर्यावरण संरक्षण पर आयोजित परिचर्चा में शाखा उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग पर नियंत्रण पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से ही संभव है। महेश गुप्ता ने कहा कि एक वृक्ष दस पुत्रों के समान होता है। यदि हम लगाए गए वृक्षों का पुत्र-पुत्रियों की तरह पालन-पोषण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन दे सकेंगे।
महिला संयोजिका एवं भाजपा नेता श्रीमती ऊषा गुप्ता ने पौधरोपण के साथ ही उनके संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने के साथ ही कार्बन उत्सर्जन करने वाली वस्तुओं का उपयोग भी कम करना होगा। सहसंयोजिका श्रीमती अनीता माहेश्वरी ने पेयजल के लिए फ्रिज के स्थान पर मटके के पानी को अधिक उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में संरक्षक सतीश सिंह सेंगर, सुनील कुमार गुप्ता, अनिल माहेश्वरी, शाखा अध्यक्ष अनन्त गुप्ता, प्रेम कुमार गुप्ता, कल्लू बजाज, अरविंद श्रीवास्तव, विवेक गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता,कु. मान्या श्रीवास्तव, दीपचंद्र, पवन कुमार अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की परिचर्चा में प्रतिभाग किया।