मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)-जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत द्वारा बताया गया कि खाद्य विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम डोराना में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम डोराना निवासी सत्यनारायण पिता भगीरथ सोलंकी के खेत पर बने बाड़े में औचक छापामार कार्यवाही की गई। जाँच के दौरान बाड़े से कुल 33 नग अवैध घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। अनावेदक द्वारा उक्त घरेलू सिलेंडरों के भंडारण के संबंध में कोई वैध दस्तावेज़ या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का संग्रहण पाए जाने पर सभी 33 सिलेंडरों को मौके पर ही ज़ब्त कर लिया गया है। अनावेदक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। छापामार एवं ज़ब्ती की कार्यवाही जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रघुराज सिंह डोडिया एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री आराधना खड़िया की संयुक्त टीम द्वारा नई आबादी पुलिस के सहयोग से निष्पादित की गई। खाद्य विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ज़िले में घरेलू गैस की कालाबाज़ारी और अवैध भंडारण करने वालों के ख़िलाफ़ इस प्रकार की सख़्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
फोटो