हाईकोर्ट प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, त्वरित कार्यवाही करें सुनिश्चित – कलेक्टर श्रीमती प्रजापति*

शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला, 04 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने हाईकोर्ट से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन मामलों में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा आवश्यक जानकारी एवं जवाब समय पर प्रस्तुत किए जाए। जिले के भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने हाईवे सर्वेलेंस टीम गठित कर निरीक्षण करने तथा निरीक्षण का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन एवं अन्य शिकायत पोर्टलों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग को मानदेय संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार खाद्य विभाग को मजदूरों के लंबित भुगतान की समीक्षा कर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को ई-श्रम साथी मोबाइल ऐप का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों का सर्वेक्षण कर उनका चिन्हांकन करने तथा उन्हें योजनाओ का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों की सूची का सत्यापन करने हेतु निर्देशित किया ताकि पात्र किसानों को समय पर लाभ मिल सके। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग को कृमि नाशक दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डी.आर. ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *