बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। भीषण गर्मी के बीच जालौन नगर में गहराए पेयजल संकट को लेकर बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मुहम्मद अशफाक राईन ने जिलाधिकारी को जनहित प्रार्थना पत्र भेजकर बंद पड़े ट्यूबवेलों की तत्काल जांच, मरम्मत एवं लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि नगर में करीब सात ट्यूबवेलों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती है, लेकिन 25 मई की रात करीब नौ बजे एक प्रमुख ट्यूबवेल के बंद हो जाने से आधा दर्जन मोहल्लों की जलापूर्ति ठप हो गई। सुबह भी लोगों को पानी नहीं मिल सका, जिससे मोहल्ला मुरली मनोहर, खटीकान, चिमन दुबे और तोपखाना समेत कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया।
उन्होंने कहा कि पानी की किल्लत से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने जिलाधिकारी से तत्काल संज्ञान लेकर नगरवासियों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
