बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर जालौन में खुले पड़े नाले और नालियां अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। कहीं बदबू फैल रही है तो कहीं लोगों को गिरने का खतरा सताने लगा है। नगरवासियों का कहना है कि गहरे नालों को ढककर रखने की आवश्यकता है, क्योंकि इनमें किसी पशु, बच्चे अथवा राहगीर के अनजाने में गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है।
लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर घरों और दुकानों के सामने नाले खुले पड़े हैं, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका को नालों और नालियों पर जाली अथवा ढक्कन लगवाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
नगर के लोगों का कहना है कि सड़कों से उड़कर आने वाला कूड़ा-कचरा नालियों में जमा हो रहा है, जिससे नालियां चोक होने लगी हैं। इसके कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
जनहित को देखते हुए नगरवासियों ने उपजिलाधिकारी से खुले नाले-नालियों की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई अमल में लाएगा।
