अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। जनपद में आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जे.एन. पी.जी. कॉलेज तथा महिला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर उनकी सुविधाओं तक सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले।
जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
